संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Morena जिले के जौरा कस्बे में हनी ट्रैप का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक फर्नीचर व्यापारी को ऑर्डर देने के बहाने घर बुलाकर अश्लील वीडियो बनाए गए और फिर 10 लाख रुपये की मोटी रकम मांगी गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट कर सोने की अंगूठी और नगदी भी लूट ली। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

Morena ऑर्डर के बहाने बुलाया और बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, जौरा निवासी फर्नीचर व्यापारी पप्पू शिवहरे को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाली महिला ने खुद को ग्राहक बताते हुए घर में फर्नीचर सेट करवाने की बात कही और उन्हें मनीष पेट्रोल पंप के पास बुलाया। जब व्यापारी वहां पहुंचे, तो महिला और उसके तीन साथी उन्हें अपने घर ले गए। वहां आरोपियों ने व्यापारी को एक कमरे में बंधक बना लिया और जबरन उनके कपड़े उतरवाकर अश्लील फोटो और वीडियो शूट कर लिए।
Morena 10 लाख की डिमांड और सरेराह लूटपाट
वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने असली रंग दिखाना शुरू किया। उन्होंने व्यापारी को धमकी दी कि यदि उसने 10 लाख रुपये नहीं दिए, तो ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे। ब्लैकमेलिंग के दौरान ही आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और उनके हाथ से सोने की अंगूठी तथा जेब में रखे नगदी छीन लिए। डरे-सहमे व्यापारी किसी तरह उनके चंगुल से छूटे और सीधे पुलिस थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
Morena महिला का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सोनम कुशवाह का जुड़ाव एक राजनीतिक दल से है और वह नेताओं के साथ फोटो दिखाकर लोगों पर रौब झाड़ती थी। सूत्रों का दावा है कि महिला का असली धंधा रसूखदार लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठना था। पुलिस ने सोनम कुशवाह सहित चार आरोपियों पर लूट, मारपीट और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।





