BY: Yoganand Shrivastava
इंदौर: विजयनगर इलाके में सोमवार को एक मैकेनिक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब उसका भतीजा खेलते-खेलते कमरे में गया और अपने बड़े चाचा को फंदे पर लटका देखा। बच्चा चिल्लाने लगा, जिससे आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। जब तक उसे फंदे से उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मृतक की पहचान सोनू खरे (45) पुत्र मोतीलाल खरे, निवासी मालवीय नगर के रूप में की है।
घर पर अकेला था मृतक
पड़ोसियों के मुताबिक, घटना के समय सोनू घर पर अकेला था। उनकी पत्नी बबीता और दोनों बच्चे काम पर गए हुए थे। सोनू भी मैकेनिक का काम करता था, लेकिन सोमवार को वह अपने कार्यस्थल नहीं गए थे।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं पाया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।





