भोलेनाथ मंदिर में बड़ी चोरी, दानपात्र तोड़कर 45 हजार रुपये और चांदी का सामान गायब

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
भोलेनाथ मंदिर में बड़ी चोरी, दानपात्र तोड़कर 45 हजार रुपये और चांदी का सामान गायब

REPORT- AFZAL AHMAD

जालौन में कदौरा थाना क्षेत्र के खुटमिली गांव में स्थित भोलेनाथ मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर प्रवेश किया और दानपात्र सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

चोरों ने दानपात्र में रखे करीब 45 हजार रुपये, चांदी का छाता, दो भोलेनाथ के आशन (आभूषण/सजावटी वस्तुएं) सहित कई कीमती सामान चोरी कर लिया। ग्रामीणों ने सुबह मंदिर परिसर में अव्यवस्था देख आसपास तलाश की तो गांव के बाहर खेत में टूटा हुआ दानपात्र मिला, जबकि उसमें रखे रुपये गायब थे।

बताया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात लाखों रुपये के नुकसान से जुड़ी है, जिसकी जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुजारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कदौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस टीम चोरों के सुराग जुटाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश कर रही है। मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश और भय दोनों का माहौल है।