खदान में उतरे सैकड़ों ग्रामीण
स्थान: मगरलोड, गिरौद
रिपोर्ट: संवाददाता
मगरलोड क्षेत्र के गिरौद गांव में अवैध रेत खनन के खिलाफ ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में चैन माउंटेन और हाईवा जैसे भारी वाहनों के जरिए अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था। इससे न सिर्फ गांव की सड़कों और पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि शासन की नाक के नीचे खुलेआम अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
खदान में बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए, जिनमें महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा देखने को मिली। महिलाओं ने साफ कहा कि उन्हें भले ही “महतारी वंदन योजना” के तहत मिलने वाली राशि न मिले, लेकिन वे अवैध रेत खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगी।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
खनन पर तत्काल रोक लगे।
प्रशासन खदानों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे।
गांव के रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद हो।
स्थानीय पर्यावरण और जल स्रोतों की रक्षा की जाए।
महिलाओं के इस जागरूक और संगठित प्रदर्शन से प्रशासन पर दबाव बना है। ग्रामीणों की यह पहल अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेकर जल्द कार्रवाई करे।





