रिपोर्- अमित वर्मा
लोहरदगा: जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी उपलब्धि मिली है। जेजेपीएम नक्सली संगठन से जुड़े दो नक्सली समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई ने जिले में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क को करारा झटका दिया है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि हेसवे बाजारटोली निवासी नसीम अंसारी जेजेपीएम नक्सल संगठन के लिए हथियार छिपाने का काम करता है। सूचना की पुष्टि के बाद एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई और तुरंत छापेमारी की गई।

छापेमारी में पुलिस ने नसीम अंसारी और उसके सहयोगी श्यामलाल यादव को गिरफ्तार किया। बाद में दोनों की निशानदेही पर साके पहाड़ इलाके से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से—
- 7.65 एमएम के दो पिस्टल
- इंसास राइफल के 82 जिंदा कारतूस
- 0.315 बोर के 3 जिंदा कारतूस
- बरामद किए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नक्सली संगठन के लिए हथियार रखने और छुपाने का काम करते थे। पुलिस अब उनसे नक्सली नेटवर्क, उनके संपर्कों और अन्य संभावित ठिकानों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस जांच से कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
एसपी सादिक अनवर रिज़वी ने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और किसी भी परिस्थिति में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफलता से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है तथा नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।




