Report: Sandeep Jaiswal
Kushinagar : जिले के कसया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार काली थार ने बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। पुरानी फाजिलनगर रोड पर घटी इस घटना ने राहगीरों की रूह कंपा दी। पुलिस से बचने की कोशिश में थार चालक ने न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि कई मासूम जिंदगियों को भी खतरे में डाल दिया।
पुलिस को देख बेकाबू हुआ चालक, ऑटो को मारी भीषण टक्कर
Kushinagar मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी फाजिलनगर रोड पर पुलिस ने जब संदिग्ध काली थार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। भागने की हड़बड़ाहट में थार चालक ने सामने से आ रहे एक यात्री ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वहां खड़ी एक अन्य कार भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
बाल-बाल बची मासूम की जान, वीडियो हुआ वायरल
Kushinagar इस दर्दनाक हादसे के दौरान एक चमत्कारिक बचाव भी देखने को मिला। ऑटो में सवार एक महिला ने खतरे को भांपते हुए अपने दूधमुंहे बच्चे को सीने से लगाया और चलते वाहन से सड़क पर कूद गई, जिससे दोनों की जान बच गई। यह पूरी घटना पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे थार की टक्कर के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
आरोपी चालक फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
Kushinagar भीषण टक्कर मारने के बाद थार चालक वाहन समेत मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर गाड़ी के नंबर और चालक की पहचान की जा रही है। कसया थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Read this: Chitrakoot : बिजली का कनेक्शन बना काल, दबंगों ने दलित कोटेदार को पीट-पीटकर मार डाला





