रिपोर्ट: बॉबी अली भगवाँ, Edit By: Mohit Jain
बकस्वाहा नगर में निर्माणाधीन खेल स्टेडियम में मेला लगाए जाने के विरोध में बुधवार को खिलाड़ियों और स्कूली बच्चों ने ज़बरदस्त प्रदर्शन किया। करीब 2.40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस स्टेडियम को खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और भविष्य का केंद्र बताया, वहीं नगर प्रशासन द्वारा इसमें देव प्रबोधिनी मेला लगाए जाने के फैसले ने विरोध की आग भड़का दी।
CMO के रवैए पर भड़के खिलाड़ी

खिलाड़ियों और बच्चों ने पहले तहसीलदार भरत पांडे को ज्ञापन सौंपा, लेकिन जब CMO नेहा शर्मा ने ज्ञापन लेने से इंकार किया, तो नाराज खिलाड़ी नेशनल हाइवे पर उतर आए। “मेला हटाओ खेल मैदान बचाओ” के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। करीब 20 मिनट तक रोड जाम रहा।
प्रशासन से टकराव, अब कलेक्टर से उम्मीद
मौके पर पहुंचे नगर निरीक्षक जितेंद्र वर्मा ने समझाइश देकर जाम खुलवाया। इसके बाद खिलाड़ियों ने CMO कार्यालय में घुसकर ज्ञापन सौंपा। खिलाड़ियों का आरोप है कि मेला लगाने से मैदान की घास, मिट्टी और टर्फ विकेट पूरी तरह खराब हो जाएगी, जिससे खेल सुविधाओं को नुकसान होगा।
खिलाड़ियों ने चेतावनी दी है कि अगर मैदान से मेला नहीं हटाया गया, तो वे अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठेंगे। अब कलेक्टर स्तर पर इस विवाद के समाधान पर सबकी नज़रें टिकी हैं क्योंकि खिलाड़ियों का गुस्सा और प्रशासन की जिद, दोनों ही टकराव की स्थिति में हैं।





