Report: Ratan kumar
Jamtara झारखंड में पारा चढ़ने के साथ ही पेयजल की समस्या गहराने लगी है। इसे देखते हुए जामताड़ा जिला प्रशासन ‘पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा’ के तहत पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) आनंद कुमार ने सुपायडीह पंचायत का औचक निरीक्षण किया और पैदल भ्रमण कर ग्रामीण इलाकों में पानी की उपलब्धता का जायजा लिया।
Jamtara खराब चापाकल और बदहाल जल मीनारों पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने पाया कि पंचायत के कई महत्वपूर्ण चापाकल लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी ढोना पड़ रहा है। साथ ही, कुछ इलाकों में स्थापित पानी टंकियों (जल मीनार) का रखरखाव भी संतोषजनक नहीं मिला। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए एसडीओ ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया कि गर्मी के चरम पर पहुँचने से पहले सभी खराब यूनिट्स को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
Jamtara 9 से 18 अप्रैल तक चलेगा ‘निवारण पखवाड़ा’
मीडिया से बात करते हुए एसडीओ अनंत कुमार ने बताया कि जिले में 9 से 18 अप्रैल तक विशेष ‘पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा’ आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत प्रशासनिक टीमें गांव-गांव जाकर पेयजल संकट की सूची तैयार कर रही हैं। उद्देश्य यह है कि मानसून आने से पहले और वर्तमान गर्मी के दौरान किसी भी ग्रामीण को पानी के लिए भटकना न पड़े।
Jamtara जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ सीधी वार्ता
दौरे के दौरान एसडीओ ने सुपायडीह पंचायत भवन में मुखिया, वार्ड सदस्यों, जलसहिया और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल संकट को कम करने के लिए प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय अनिवार्य है। ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि इस पखवाड़े के भीतर उनकी अधिकांश समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा।





