Report: Ratan kumar
Jamtara News विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जारी पुनरीक्षित मतदाता सूची को लेकर भाजपा ने कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया है। गुरुवार को हरिमोहन मिश्रा के आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने दावा किया कि 5 अगस्त को जारी मतदाता सूची की जांच के दौरान एक ही मकान संख्या पर 54 मतदाताओं के नाम दर्ज मिले। भाजपा का कहना है कि इनमें हिंदू, मुस्लिम और आदिवासी समुदायों से जुड़े नाम भी शामिल हैं। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
एक ही मकान में 54 नाम होने का दावा
Jamtara News भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि जामताड़ा जिले के कई क्षेत्रों की मतदाता सूची में मतदाताओं के पते के सामने मकान संख्या ‘शून्य’ दर्ज है। उन्होंने सवाल उठाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के पते में मकान नंबर शून्य दर्ज होने की वजह क्या है।

Jamtara News भाजपा ने ऐसे सभी मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, एक ही मकान संख्या पर 54 मतदाताओं के नाम मिलना गंभीर विषय है और इसकी जांच जरूरी है।
कई बूथों की मतदाता सूची में विसंगतियों का आरोप
Jamtara News भाजपा नेताओं ने बूथ संख्या 210, 11, 12, 13, 14, 15 और 243 सहित कई मतदान केंद्रों की मतदाता सूचियों में कथित विसंगतियां होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कुछ नाम गलत तरीके से जोड़े जाने की शिकायतें मिली हैं, जबकि कई मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
एसआईआर के बीएलए-1 हरिमोहन मिश्रा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी दो बार ई-मेल के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग को जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि तो हुई, लेकिन उस पर हुई कार्रवाई की स्थिति की जानकारी उन्हें नहीं मिली।
निर्वाचन पदाधिकारी के तबादले पर भी उठाए सवाल
Jamtara News हरिमोहन मिश्रा ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी के स्थानांतरण और नए पदाधिकारी की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रावधानों की जांच कराने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। प्रेस वार्ता में जिला महासचिव कमलेश मंडल सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


