Jamtara : विधायक चुन्ना सिंह की पहल लाई रंग, बाजार और दो रेलवे फाटकों पर जाम की समस्या से मिलेगी राहत; कैबिनेट से मिली योजना को मंजूरी
रिपोर्ट- रतन कुमार
Jamtara : जिले के करमाटांड़ प्रखंडवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वर्षों से चली आ रही बाईपास सड़क निर्माण की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह के प्रयास से करमाटांड़ में 7.170 किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 85 करोड़ 73 लाख 38 हजार 500 रुपये खर्च किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, पथ निर्माण विभाग रांची के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने 10 अक्टूबर को ही इस योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी थी। वहीं, बुधवार को कैबिनेट से भी इसे मंजूरी मिल गई। प्रस्तावित बाईपास सड़क शकलपुर से शुरू होकर ग्वालापाड़ा, हेट करमाटांड़, कासीटांड़ और सुग्गापहाड़ी होते हुए पिंडारी तक पहुंचेगी।
Jamtara : बाजार और रेलवे फाटकों पर जाम से मिलेगी राहत
करमाटांड़ बाजार में आए दिन लगने वाले जाम से स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान हैं। खासकर हाट-बाजार के दिनों में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। स्कूल, अस्पताल, रेलवे स्टेशन और अन्य जरूरी कार्यों से जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा क्षेत्र के दो रेलवे फाटकों पर भी अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। बाईपास सड़क बनने से भारी वाहनों को बाजार और रेलवे फाटकों से होकर गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे आवागमन सुगम होगा और जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
Jamtara : किसानों और व्यापारियों को भी होगा फायदा
बाईपास सड़क के निर्माण से जामताड़ा, सारठ, करमाटांड़ और मधुपुर आने-जाने वाले लोगों का समय बचेगा। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। वहीं, व्यापारियों और स्थानीय कारोबारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं का आवागमन भी पहले से आसान हो सकेगा। सड़क बनने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
Jamtara : विधायक ने मुख्यमंत्री और विभाग का जताया आभार
विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने कहा कि बाईपास सड़क करमाटांड़ की जनता की वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में मजबूती से उठाया था। योजना को स्वीकृति मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री और पथ निर्माण विभाग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सड़क करमाटांड़ के विकास की रीढ़ साबित होगी। जल्द ही इसका शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
बाईपास सड़क की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने विधायक के प्रति आभार जताते हुए इसे करमाटांड़ के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया है।
ये भी जानिए : Health: पेट की बढ़ती चर्बी बन सकती है कैंसर का खतरा? जानिए मोटापे और पैंक्रियाटिक कैंसर के बीच क्या है संबंध


