रिपोर्ट: प्रेम श्रीवास्तव
Jamshedpur लौहनगरी जमशेदपुर में संस्थापक दिवस के अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर ने सेवा और समर्पण की नई इबारत लिख दी है। यूनियन के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में रिकॉर्ड 3140 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो शहर के इतिहास में एक मील का पत्थर है। सुबह की पहली किरण के साथ ही रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बनता था, जहाँ सुबह 5:20 बजे पहले रक्तदाता ने डोनेशन देकर इस महाअभियान की शुरुआत की।

पंजीकरण का टूटा रिकॉर्ड, महिलाओं और युवाओं में दिखा भारी उत्साह
Jamshedpur शिविर में कुल 3499 रक्तदाताओं ने पंजीकरण कराया था। सुबह से ही पांच काउंटरों पर लंबी कतारें लगी रहीं, जिन्हें ब्लड बैंक और पैरामेडिकल स्टाफ ने मुस्तैदी से संभाला। इस बार के आयोजन की खास बात महिलाओं और NAPS ट्रेनियों की सक्रिय भागीदारी रही। दर्जनों प्रशिक्षुओं ने जीवन में पहली बार रक्तदान कर संस्थापक जे.एन. टाटा को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महिला रक्तदाताओं के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए।

संस्थापक जे.एन. टाटा की भव्य प्रतिमा का अनावरण
Jamshedpur रक्तदान शिविर के साथ ही यूनियन प्रांगण में टाटा समूह के संस्थापक जे.एन. टाटा की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस गौरवशाली क्षण के साक्षी टाटा मोटर्स के कार्यकारी निदेशक गिरीश वाघ, सीएचआरओ सीताराम कांडी और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत प्रबंधन के कई वरिष्ठ अधिकारी बने। अतिथियों ने फीता काटकर और रिमोट का बटन दबाकर प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर यूनियन की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

दिग्गजों ने सराहा: “रक्तदान ही असली मानवता”
Jamshedpur कार्यक्रम में राजनीति और उद्योग जगत की बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि टाटा साहब ने आजादी से पहले औद्योगिक भारत की नींव रखी थी और आज यह रक्तदान शिविर उनके सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ा रहा है। वहीं, महामंत्री आर.के. सिंह ने भावुक होते हुए कहा, “यह रिकॉर्ड मेरा नहीं, बल्कि उन मजदूर भाइयों और शहरवासियों का है जिन्होंने मानवता के लिए अपना रक्त दिया।” एचआर हेड प्रणव कुमार ने गीता का संदर्भ देते हुए कहा कि रक्त देना कई जिस्मों में जिंदा रहने का सबसे लाजवाब तरीका है।
मुख्य आकर्षण और उपलब्धियां:
- रिकॉर्ड संग्रह: कुल 3140 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।
- नेतृत्व की मिसाल: महामंत्री आर.के. सिंह, ईआर हेड सौमिक राय और कई पत्रकारों ने स्वयं भी रक्तदान किया।
- अतिथि दीर्घा: पूर्व राज्यपाल रघुवर दास, बन्ना गुप्ता, विधायक सोमेश सोरेन और टाटा मोटर्स के वरिष्ठ वीपी विशाल बादशाह समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।
- उत्कृष्ट व्यवस्था: रक्तदाताओं के लिए जलपान, भोजन और प्रमाण पत्र की विशेष व्यवस्था की गई थी।
Read this: Gold- Silver Price: सोना ₹1.60 लाख और चांदी ₹2.58 लाख, लगातार दूसरे दिन दामों में कमी





