Edit by: Priyanshi Soni
Iran Protest Death Sentence: ईरान में खामेनेई सरकार के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच 26 वर्षीय प्रदर्शनकारी इरफान सुल्तानी को मौत की सजा का सामना करना पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सुल्तानी को 8 जनवरी को विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 11 जनवरी को हुई कोर्ट सुनवाई में उन्हें मोहारेबेह यानी “अल्लाह के खिलाफ युद्ध छेड़ने” के आरोप में फांसी की सजा सुनाई गई।
मानवाधिकार समूहों और परिवार के अनुसार, सुल्तानी को पर्याप्त कानूनी मदद और सही ट्रायल नहीं दिया गया। उनका परिवार यह भी कहता है कि उन्हें फांसी से पहले केवल दस मिनट की अंतिम मुलाकात की अनुमति दी जाएगी।
Iran Protest Death Sentence: डोनाल्ड ट्रंप ने दी चेतावनी

इस घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ईरान प्रदर्शनकारियों को फांसी देना शुरू करता है, तो अमेरिका कड़ा जवाब देगा। इसके जवाब में ईरान के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी ने ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर “ईरान में हत्यारे” होने का आरोप लगाया।
Iran Protest Death Sentence: ईरान दूसरा सबसे बड़ा फांसी देने वाला देश
ईरान का फांसी रिकॉर्ड चिंताजनक है। द गार्जियन के अनुसार, चीन के बाद ईरान दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फांसी देने वाला देश है। ईरान ह्यूमन राइट्स ग्रुप की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल कम से कम 1,500 लोगों को फांसी दी गई।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के प्रयासों में, व्हाइट हाउस के दूत स्टीव विटकॉफ ने ईरान के निर्वासित पूर्व क्राउन प्रिंस रजा पहलवी से गुप्त रूप से मुलाकात की। पहलवी, जो लगभग पांच दशक निर्वासन में रह चुके हैं और जिन्हें बचपन में ईरान का अगला शाह बनाने की योजना थी, इस बार विरोध प्रदर्शनों में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं।
प्रदर्शनों से अब तक 2,500 से अधिक लोग मारे जा चुके
अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान में विरोध प्रदर्शनों के दौरान अब तक 2,500 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। मृतकों में 2,403 प्रदर्शनकारी, 147 सरकार से जुड़े लोग, 12 बच्चे और 9 ऐसे आम नागरिक शामिल हैं जो प्रदर्शन में भाग नहीं ले रहे थे। इसके अलावा 18 से अधिक लोग हिरासत में लिए गए हैं।
यह खबर भी पढ़ें: PM Modi Festival Greetings: पीएम मोदी ने मकर संक्रांति, माघ बिहू और पोंगल पर दी देशवासियों को शुभकामनाएं





