Report by: Dharmraj
Haridwar: हरिद्वार में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जगजीतपुर डिवीजन क्षेत्र में गुरुवार को दिनभर और देर रात तक बिजली सप्लाई बाधित रहने से परेशान स्थानीय लोगों ने गुरुकुल स्थित बिजली घर पहुंचकर जोरदार हंगामा किया। गर्मी और बिजली संकट से परेशान लोगों ने विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।

Haridwar: बिजली घर पहुंची भीड़, कर्मचारी मौके से गायब
देर रात बड़ी संख्या में लोग गुरुकुल बिजली घर पहुंचे और बिजली सप्लाई ठप होने को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित भीड़ को देखते ही यूपीसीएल के कर्मचारी मौके से चले गए। प्रदर्शन कर रहे लोग लगातार एसडीओ और अन्य अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन कई अधिकारियों के फोन बंद मिले।
Haridwar: गुस्साए लोगों ने हाईवे किया जाम
बिजली संकट से नाराज लोगों ने बाद में हाईवे जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। लोगों का कहना था कि जगजीतपुर क्षेत्र में लंबे समय से बिजली सप्लाई की समस्या बनी हुई है और शिकायतों के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
Haridwar: पुलिस ने संभाला मोर्चा
हाईवे जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। काफी देर की बातचीत और समझाइश के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और यातायात बहाल कराया गया।
Haridwar: विधायक अनुपमा रावत भी पहुंचीं मौके पर
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक अनुपमा रावत भी देर रात बिजली घर पहुंचीं। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और बिजली विभाग के अधिकारियों से जल्द व्यवस्था सुधारने की बात कही। विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में बिजली सप्लाई की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जाएगी।
read also: Heatwave Alert India: देशभर में भीषण गर्मी का कहर, दिल्ली-MP समेत कई राज्यों में लू का रेड अलर्ट





