BY: Yoganand Shrivastava
Gwalior news: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह २५ दिसंबर को ग्वालियर के दौरे पर रहेंगे। वे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की १०१वीं जयंती के अवसर पर आयोजित मध्य प्रदेश अभ्युदय ग्रोथ समिट २०२५ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। यह आयोजन मुख्यमंत्री के दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
ग्रोथ समिट का आयोजन ग्वालियर व्यापार मेले के मेला मैदान में किया जाएगा, जो लगभग पाँच घंटे तक चलेगा। गृहमंत्री अमित शाह दोपहर करीब १२ बजे ग्वालियर पहुंचेंगे और लगभग दो से तीन घंटे तक कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस समिट का उद्देश्य प्रदेश में उद्योग, व्यापार और विकास से जुड़ी उपलब्धियों को सामने लाना है। इसके माध्यम से ग्वालियर अंचल में विनिर्माण, पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउसिंग, वस्त्र और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में बड़े निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर मेला मैदान में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेला क्षेत्र के चारों ओर एक किलोमीटर का दायरा रेड जोन घोषित किया गया है।
सुरक्षा में ५०० से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। आसपास की ऊंची इमारतों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा प्रवेश मार्गों पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की सघन जांच की जाएगी।
तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर रुचिका चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
संभावना जताई जा रही है कि गृहमंत्री अमित शाह शिंदे की छावनी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी के पैतृक निवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित कर सकते हैं।





