Report by: Salman Malik, Edit by: Priyanshi Soni
Gas Cylinder Blast: उत्तराखंड के रुड़की से आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी स्थित एक चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि दुकान के परखचे उड़ गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Gas Cylinder Blast: 5:30 AM पर हुआ हादसा, आग की लपटों में घिरी दुकान
घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक जोरदार धमाके के साथ आग भड़क उठी। आसपास के लोग आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए। सामने आए वीडियो में दुकान आग की लपटों में घिरी नजर आ रही है।
Gas Cylinder Blast: दो लोग गंभीर रूप से झुलसे, हायर सेंटर रेफर

हादसे के वक्त दुकान पर चाय पीने आए दो लोग मलबे और आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक है, इसलिए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस मौके पर पहुंची, आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह तबाह हो चुकी थी। शुरुआती जांच में हादसे की वजह गैस रिसाव बताई जा रही है।
Gas Cylinder Blast: गैस सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गैस सिलेंडर की सुरक्षा और मानकों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की गहराई से जांच के निर्देश दिए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read also: ChamoliPanchayat 27 January : चमोली क्षेत्र में फिर पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, आदमखोर की पहचान बाकी





