Isa Ahmad
Food Safety: खैरागढ़ के प्रमुख रिटेल स्टोर शुभम के मार्ट में खाद्य सुरक्षा नियमों पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। यहां जुलाई महीने के दौरान बिक्री के लिए रखे गए ॐ शांति कंपनी के पोहा पैकेट पर अगस्त 2026 की पैकेजिंग डेट दर्ज मिली। ग्राहक की शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और भविष्य की पैकेजिंग डेट वाले 38 पैकेट जब्त कर सीज कर दिए।
Food Safety: ग्राहक की शिकायत पर पहुंची टीम, जांच में सही मिला मामला
Food Safety: जानकारी के अनुसार 31 जुलाई को खरीदारी के दौरान एक ग्राहक की नजर पोहा पैकेट पर दर्ज भविष्य की पैकेजिंग डेट पर पड़ी। पहले ग्राहक ने इसकी जानकारी मार्ट प्रबंधन को दी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई और भविष्य की पैकेजिंग डेट वाले 38 पैकेट बरामद हुए। विभाग ने पंचनामा तैयार कर सभी पैकेटों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाते हुए उन्हें सीज कर दिया।
Food Safety: मिसब्रांडिंग के तहत होगी कार्रवाई, उपभोक्ताओं से भी की गई अपील
Food Safety: खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार भविष्य की पैकेजिंग डेट वाला उत्पाद मिसब्रांडिंग की श्रेणी में आता है, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाता है। विभाग ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कंपनी और जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग डेट, एक्सपायरी डेट और उत्पाद से जुड़ी अन्य जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करें, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में समय रहते शिकायत दर्ज कराई जा सके।



