Isa Ahmad
Fake Appointment Letter Scam: खैरागढ़ जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक गंभीर फर्जीवाड़ा सामने आया है। राज्य शिक्षा आयोग और शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. ओ.पी. मिश्रा के नाम से जारी फर्जी नियुक्ति पत्रों के सहारे वर्ष 2021 से आठ लोग अलग-अलग शासकीय कार्यालयों और स्कूलों में नौकरी कर रहे थे।
मामले का खुलासा होने के बाद खैरागढ़ जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खैरागढ़ जिले में कार्यरत चार कर्मियों को बर्खास्त कर दिया था।
Fake Appointment Letter Scam: फर्जी लेटर के सहारे 2021 से चल रही थी नौकरी
बताया जा रहा है कि खुलासा होने के बाद ये कर्मी अलग-अलग कारणों का हवाला देकर अवकाश पर चले गए थे। इस पूरे मामले को सबसे पहले Vistaar News ने उजागर किया था, जिसके बाद विभागीय स्तर पर जांच तेज हुई।
Fake Appointment Letter Scam: खैरागढ़ थाने में दर्ज हुआ अपराध
बर्खास्तगी के बाद अब जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी की शिकायत पर खैरागढ़ थाना में चारों कर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों पर IPC की धारा 420, 476, 468, 471 और 120(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
जानकारी के अनुसार, फर्जी नियुक्ति पत्रों के आधार पर खैरागढ़ जिले के मोहगांव में टीकम साहू, उच्चतर माध्यमिक शाला बकरकट्टा में फगेंद्र सिन्हा, उच्चतर माध्यमिक शाला पैलिमेटा में रजिया अहमद (सहायक ग्रेड) और अजहर अहमद (डाटा एंट्री ऑपरेटर) को छुईखदान बीईओ कार्यालय में पदस्थ किया गया था।
इसी तरह मोहला जिले में डोलामणी मटारी, शादाब उस्मान, आशुतोष कछवाहा और मोहम्मद अमीन शेख भी अलग-अलग शालाओं में कार्यरत पाए गए।
READ ALSO: Tamil Nadu : चेन्नई में बर्ड फ्लू का दस्तक: मृत कौवों में मिला घातक H5N1 वायरस, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
खैरागढ़ जिला गठन के बाद रजिया अहमद को कलेक्ट्रेट के DMF शाखा में और अजहर अहमद को अभियोजन शाखा में संलग्न किया गया था, जबकि फगेंद्र सिन्हा और टीकम साहू से DEO कार्यालय में कार्य लिया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करने वाले नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।





