BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर: दो महीने से पुलिस को चकमा दे रहा कुख्यात डकैत योगी उर्फ योगेन्द्र गुर्जर आखिरकार राजस्थान के धौलपुर में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जानकारी के अनुसार उसने धौलपुर में सरेंडर किया है। ग्वालियर पुलिस कई बार उसके करीब पहुंची, लेकिन वह हर बार भागने में सफल रहा था।
दो महीने से जंगल से शहर तक पुलिस कर रही थी तलाश
ग्वालियर पुलिस ने योगी को पकड़ने के लिए ग्वालियर, मुरैना और आसपास के जंगलों में कई बार सर्चिंग की, लेकिन वह लगातार लोकेशन बदलकर बच निकलता रहा।
- एमपी में उस पर 10 हजार रुपए का इनाम था।
- राजस्थान में 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
योगी पहले कुख्यात गुड्डा गुर्जर गिरोह से जुड़ा था, बाद में उसने अपना अलग गिरोह बना लिया और चंबल क्षेत्र में सक्रिय हो गया।
पुलिस से सामना हुआ, फिर भी भाग निकला
6 नवंबर की सुबह 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि योगी अपने साथियों के साथ बेहट क्षेत्र के जंगल में छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन योगी ने साथियों के साथ ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
इस फायरिंग में:
- बेहट थाना प्रभारी महावीर सिंह गुर्जर घायल
- आरक्षक अरविंद भी गोली लगने से घायल
गर्भवती प्रेमिका का फिल्मी अंदाज में अपहरण
योगी चर्चा में तब आया जब उसने ग्वालियर के गुर्जा गांव में अपनी गर्भवती प्रेमिका रीना उर्फ अंजू का फिल्मी अंदाज में अपहरण किया था।8 अक्टूबर की रात वह लगभग 20 बदमाशों के साथ गाँव पहुंचा।
घर में घुसकर की मारपीट और फायरिंग
- बदमाशों ने घर में घुसकर उसके पति गिर्राज के परिवार के सदस्यों को बंदूक के बट और डंडों से मारा।
- बाहर खड़े बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे।
- 9 महीने की गर्भवती रीना को जबरन उठा ले गए।
क्यों किया था अपहरण?
योगी की शादी रीना से तय हुई थी, लेकिन उसकी अपराधी गतिविधियों के कारण लड़की के परिवार ने रिश्ता तोड़ दिया था। बाद में रीना की शादी गुर्जा गांव के गिर्राज गुर्जर से कर दी गई।रिश्ता टूटने से नाराज योगी लगातार धमकी देता था कि वहगिर्राज की हत्या कर रीना से शादी करेगा।इस दुश्मनी के चलते उसने हथियारबंद साथियों के साथ आकर हमला किया और रीना को उठा ले गया।
गांव में दहशत और अब राहत
घटना के बाद गांव में भय का माहौल था। लगातार फायरिंग, मारपीट और खुलेआम अपहरण ने लोगों को सकते में डाल दिया था।अब योगी के पकड़े जाने के बाद गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्वालियर पुलिस अब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए लाने की तैयारी में है।





