संवाददाता- संतोष सराबगी
Dabra news: स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और सेनानियों की स्मृति में विकासखंड डबरा में बनाए गए शहीद स्तंभ की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। जिस स्थान को हरियाली और शांति का प्रतीक पार्क होना चाहिए था, वहां आज वाहन स्टैंड का रूप ले लिया गया है।
डबरा तहसील प्रांगण में स्थापित इस शहीद स्तंभ पर स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले सेनानियों के नाम अंकित हैं, लेकिन उनके सम्मान के विपरीत इस पवित्र स्थल का उपयोग नियमित रूप से वाहन खड़े करने के लिए किया जा रहा है।
शहीदों की प्रतिमा और स्मृति पट्टिका के ठीक सामने तहसीलदार की निजी गाड़ी सहित अन्य वाहन खड़े रहते हैं, जिससे शहीदों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है।
शहीद स्तंभ के आसपास सौंदर्यीकरण की बजाय अस्थायी ढांचे और कार्यालयीन सामग्री रखी गई है, जिससे यह स्थान अव्यवस्थित और उपेक्षित दिखाई देता है।
शहीद परिवारों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस स्थल को पार्क के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, जहां हरियाली, फूलों और बैठने की व्यवस्था हो, ताकि लोग शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।
इस संबंध में शहीद परिवारों द्वारा कई बार प्रशासन को आवेदन भी दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहीद स्तंभ के आसपास से वाहन स्टैंड हटाया जाए और इस पवित्र स्थल को एक सुंदर और सम्मानजनक पार्क के रूप में विकसित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां शहीदों के बलिदान को याद रख सकें।





