Isa Ahmad
REPORT- SYED ALI
मथुरा। पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की नींव रखने का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर केस के मुख्य याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने इस मुद्दे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पश्चिम बंगाल सरकार देशहित में कार्य नहीं कर रही है तथा उसके संरक्षण में पूर्व टीएमसी नेता हुमायूं कबीर द्वारा विवादित रूप से बाबरी मस्जिद की नींव रखी गई है।
फलाहारी महाराज ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए और हुमायूं कबीर को पाकिस्तान भेज दिया जाए। उनका कहना है कि राज्य में लव जिहाद, थूक जिहाद और लैंड जिहाद के जरिए समाज में विभाजन और तनाव बढ़ाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो, इसके लिए बंगाल में सेना तैनात करना आवश्यक है।
महाराज ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व मस्जिदों और मजारों के नाम पर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं तथा आतंकवादियों को पनाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ देश के लिए गंभीर खतरा हैं और इन पर कठोर कार्रवाई जरूरी है।
गौरतलब है कि दिनेश फलाहारी महाराज वही व्यक्ति हैं जिन्होंने लगभग तीन वर्ष पहले संकल्प लिया था कि जब तक मथुरा मंदिर परिसर से मस्जिद नहीं हटेगी, तब तक वे भोजन नहीं करेंगे और न ही जूते-चप्पल पहनेंगे। वे आज भी अपने इस संकल्प पर दृढ़ बने हुए हैं।
इस घटनाक्रम के बाद विवाद और बढ़ गया है, वहीं अब केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया पर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।





