CG: जानें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें.
रायपुर में तापमान 45°C पार जाने की संभावना
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। तेज गर्मी के कारण मोर समेत कई वन्य जीवों की मौत की खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक गर्मी बने रहने के बाद आंधी और बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में आज तापमान 45°C पार जा सकता है।
60 लाख के जेवर लूटकर फरार हुए बदमाश
पेंड्रा में दिनदहाड़े सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश करीब 60 लाख रुपए के जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने 6 जिलों में नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है। व्यापारियों में भारी आक्रोश है और आज पेंड्रा बंद का ऐलान किया गया है।
FIR के बीच दोनों नेताओं ने दिया एकता का संदेश
सूरजपुर में टीएस सिंहदेव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक साथ नजर आए। वीडियो में सिंहदेव खुद कार चलाते दिखे, जबकि बगल की सीट पर भूपेश बघेल बैठे थे। सिंहदेव ने कहा कि “हम हमेशा साथ हैं।” वहीं कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पर दर्ज FIR को लेकर भूपेश बघेल ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मी सस्पेंड
बिलासपुर में एक हेड कांस्टेबल का रिश्वत लेते वीडियो सामने आया है। आरोपी पुलिसकर्मी मारपीट के मामले में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई नहीं करने के बदले 10 हजार रुपए मांग रहा था। वीडियो में वह यह कहते भी सुनाई दिया कि “5000 में तीन लोगों को थोड़ी छोड़ूंगा।” मामला सामने आने के बाद आरोपी हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है।
खुले में कुर्बानी और DJ बजाने पर रोक
बकरीद को लेकर छत्तीसगढ़ प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। खुले में कुर्बानी देने और DJ बजाने पर रोक लगाई गई है। कई जगहों पर शिफ्ट में नमाज पढ़ाने की व्यवस्था की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 50 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
शराब पीने दोस्तों को बुलाने को लेकर हुआ विवाद
रायपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपने पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घर में दोस्तों को बुलाकर शराब पीने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
ट्रैप कैमरे और थर्मल ड्रोन से रखी जा रही नजर
रायगढ़ जिले में हाथियों की सुरक्षा और उनके मूवमेंट पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने नई रणनीति बनाई है। इसके तहत 8 ट्रैप कैमरे और 3 थर्मल ड्रोन लगाए गए हैं। विभाग का कहना है कि इससे हाथियों के दल की गतिविधियों की निगरानी आसान होगी और मानव-हाथी संघर्ष को कम करने में मदद मिलेगी।
दस्तावेज नहीं दिखा पाया व्यापारी, पुलिस ने जब्त किए पैसे
रायपुर पुलिस ने जांच के दौरान एक कार से 65 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। कार में मौजूद बालोद के व्यापारी से रकम से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
नियम टूटने के बाद जिम्मेदारी से बचने की कोशिश
रायपुर में विधायक के पत्र के आधार पर एक्सप्रेस-वे में कट खोले जाने का मामला विवादों में आ गया है। जांच में सामने आया कि नियमों का पालन नहीं किया गया। अब मामले में संबंधित अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आ रहे हैं। विपक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पॉश कॉलोनियों में पानी के लिए बढ़ा खर्च
राजधानी रायपुर की कई पॉश कॉलोनियों में जल संकट गंभीर हो गया है। लोगों को पानी की सप्लाई नहीं मिलने के कारण टैंकर मंगाने पड़ रहे हैं। इससे हर परिवार पर हर महीने 10 से 12 हजार रुपए तक का अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।





