Isa Ahmad
REPORT- PRAVIN
शादी से पहले संदिग्ध हालात में मौत
जिले के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिविल लाइन रोड स्थित एक निजी होटल के कमरे में केनरा बैंक के असिस्टेंट मैनेजर का शव फंदे के सहारे लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 33 वर्षीय अब्बास अहमद जैदी के रूप में हुई है, जो वाराणसी (बनारस) के दाल मंडी क्षेत्र के रहने वाले थे। हैरानी की बात यह है कि उनकी शादी 28 दिसंबर को तय थी।
कमरा न खुलने पर पुलिस को दी गई सूचना
जानकारी के अनुसार, अब्बास अहमद जैदी सोमवार को बैंक के काम से सोनभद्र आए थे। उन्होंने परासी और राबर्ट्सगंज शाखाओं में बैंक से जुड़े आवश्यक कार्य निपटाए और रिकवरी एजेंट के माध्यम से होटल के कमरा नंबर 210 में ठहरे थे। मंगलवार सुबह उनके कमरे में नाश्ता रखा गया, लेकिन इसके बाद वे बाहर नहीं निकले। शाम तक मंडल कार्यालय में उनकी कोई रिपोर्ट नहीं पहुंची और मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो सका। इस पर बैंक कर्मियों ने होटल पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़ने पर सामने आया दर्दनाक दृश्य
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह की मौजूदगी में देर रात होटल के कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। अब्बास अहमद जैदी का शव पंखे से काले रंग के मफलर के सहारे लटका हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सुसाइड नोट बरामद, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें किसी लोन का उल्लेख होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने सुसाइड नोट की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सार्वजनिक करने की बात कही है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
इस मामले में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि होटल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। कमरे का दरवाजा तोड़ने पर आत्महत्या की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सुसाइड नोट सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल इस घटना ने बैंककर्मियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है, वहीं पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।





