Report: Suresh
Bihar news: आयुष महिला डॉक्टर के हिजाब खींचे जाने के कथित मामले ने बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक जीतनराम मांझी खुलकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में उतर आए हैं। गया–पटना रोड स्थित एक फर्नीचर दुकान के उद्घाटन के दौरान मीडिया से बातचीत में मांझी ने इस पूरे विवाद को बेवजह तूल देने की कोशिश बताया।
जीतनराम मांझी ने कहा कि अगर यह हरकत किसी 22 साल के लड़के से हुई होती तो समझ में आता, लेकिन 74 साल के अनुभवी और वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार को इस नजर से देखना गलत है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कोई “22 साल का छोकड़ा” नहीं हैं, बल्कि उम्र और अनुभव के उस पड़ाव पर हैं जहां उनके हर कदम को अभिभावक की दृष्टि से देखा जाना चाहिए।
मांझी ने तर्क दिया कि आयुष विभाग में ज्वाइन करने जा रही महिला डॉक्टर को एक अभिभावक की तरह टोका जाना गलत नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि डॉक्टर जब मरीजों के सामने जाएगी तो उसकी पेशेवर छवि भी मायने रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर इस मुद्दे को सांप्रदायिक रंग देकर राजनीति करना चाहते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि खुद महिला डॉक्टर ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री की मंशा गलत नहीं थी और वह ज्वाइन करने जा रही हैं। मांझी ने अपील की कि महिला डॉक्टर को राजनीति से दूर रहकर निडर होकर अपनी सेवा शुरू करनी चाहिए।




