रिपोर्ट: उमंग पाण्डेय
Basti Private Hospital News जरा सोचिए, अगर किसी पुरुष की बीमारी की जांच रिपोर्ट में महिला का गर्भाशय (Uterus) होने का दावा कर दिया जाए, तो आप इसे क्या कहेंगे? भारी लापरवाही, अंधाधुंध कमाई का खेल या फिर मासूम मरीजों की जिंदगी के साथ सरेआम खिलवाड़? उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के एक प्राइवेट अस्पताल से ऐसा ही होश उड़ा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पुरुष मरीज की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में ऐसी गड़बड़ी की गई कि देखकर डॉक्टर भी हैरान हैं। अब पीड़ित ने मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) के पास पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है।
Basti Private Hospital News पेट दर्द का इलाज कराने गया था मरीज, बदल दिया जेंडर
पूरा मामला बस्ती जिले के लालगंज थाना अंतर्गत चौबाह गांव का है। यहाँ के रहने वाले सुनील कुमार पाल ने सीएमओ को सौंपे अपने शिकायती पत्र में बताया कि बीते 30 अप्रैल 2026 को वे इलाज के लिए क्षेत्र के एक निजी अस्पताल गए थे। वहाँ तैनात डॉक्टर अनिल कुमार चौधरी ने उन्हें पेट से जुड़ी समस्या के लिए अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। आरोप है कि अस्पताल के सोनोलॉजिस्ट ने बिना किसी जांच-पड़ताल और घोर लापरवाही के रिपोर्ट तैयार की, जिसमें पुरुष मरीज का लिंग (Gender) बदलकर महिला कर दिया गया और रिपोर्ट सौंप दी गई।

Basti Private Hospital News 15 दिनों तक चलती रही गलत दवाइयाँ
पीड़ित सुनील के मुताबिक, डॉक्टर ने उसी गलत रिपोर्ट के आधार पर दवाइयाँ पर्चे पर लिख दीं। मरीज ने बिना किसी शक के लगभग 10 से 15 दिनों तक उन दवाओं का सेवन भी किया, लेकिन उनकी सेहत में सुधार होने के बजाय तबीयत और बिगड़ने लगी। इसके बाद जब सुनील ने दूसरे डॉक्टर से संपर्क किया और अपनी रिपोर्ट दिखाई, तो सच सामने आया। दूसरी जगह के डॉक्टर ने बताया कि यह रिपोर्ट किसी पुरुष की नहीं बल्कि महिला की है, जिसमें गर्भाशय और उससे जुड़ी टिप्पणियां लिखी गई हैं।
Basti Private Hospital News सच पूछने पर मिली ‘जान से मारने की धमकी’
पीड़ित का आरोप है कि जब वह इस गंभीर गड़बड़ी की शिकायत लेकर वापस डॉक्टर अनिल कुमार चौधरी के पास पहुंचा, तो अस्पताल प्रबंधन ने अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा मरीज पर ही गुस्सा उतार दिया। सुनील कुमार पाल का कहना है कि डॉक्टर और वहां के स्टाफ ने उनके साथ बदसलूकी की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी तक दे डाली।

Basti Private Hospital News निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
इस हैरान करने वाले वाकये के बाद पीड़ित ने जिला स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। सुनील ने दोषी डॉक्टर, सोनोलॉजिस्ट और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है ताकि भविष्य में किसी और मरीज की जान जोखिम में न पड़े। अब देखना यह होगा कि इस बड़ी लापरवाही पर सीएमओ दफ्तर क्या एक्शन लेता है।





