Omkareshwar तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर के दर्शन करने आए उत्तर प्रदेश के एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब परिवार के इकलौते बेटे की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह बड़वाह के विरक्त कुटी घाट पर हुए इस हादसे ने औरैया निवासी गुप्ता परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

Omkareshwar स्नान के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के रहने वाले संकल्प गुप्ता (24 वर्ष) अपने रिश्तेदारों के साथ ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए आए थे। सोमवार रात परिवार ने बड़वाह स्थित विरक्त कुटी में विश्राम किया। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जब संकल्प घाट पर स्नान कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी की चपेट में आ गया। परिजनों की आंखों के सामने ही संकल्प तेज बहाव में बहने लगा।

Omkareshwar नाविकों का साहसिक प्रयास, पर नहीं बची जान
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद स्थानीय नाविक केदार केवट, गोवर्धन प्रसाद और बाबूलाल मंगले ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद नाविकों ने संकल्प को बेहोशी की हालत में पानी से बाहर निकाला और प्राथमिक तौर पर उसके पेट से पानी निकालने का प्रयास किया। उसे तत्काल बड़वाह के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार देकर इंदौर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, इंदौर पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Omkareshwar परिवार का इकलौता सहारा था संकल्प
मृतक संकल्प अविवाहित था और औरैया में कपड़े की दुकान संचालित कर अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार ने कभी नहीं सोचा था कि उनकी यह यात्रा इतनी दुखद साबित होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





