रिपोर्ट :-राजेंद्र योगी
Bagli news: सोमवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह और विधायक मुरली भंवरा ने सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इसमें फर्नीचर, कंप्यूटर, रिक्त पदों की पूर्ति, शिक्षकों की व्यवस्था, स्वच्छता, सीसीटीवी कैमरे, आरओ युक्त पेयजल, बिजली व्यवस्था, पुस्तकालय और प्रयोगशाला जैसी बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने निर्देश दिए कि आगामी सोमवार से विद्यालय की सभी कक्षाएं सांदीपनि विद्यालय बागली के नवीन भवन में संचालित की जाएं। उन्होंने प्राचार्य प्रकाश चंद्र डाबी और विद्यालय स्टाफ को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि तय समयसीमा के भीतर स्कूल का स्थानांतरण पूरा हो जाए।
कलेक्टर ने तहसीलदार को लगातार निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि रविवार तक विद्यालय का शिफ्टिंग कार्य पूरा कर लिया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सोमवार से बच्चों की पढ़ाई नए भवन में ही शुरू हो और अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि वे स्वयं नई सुविधाओं को देख सकें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। इसके अलावा कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने पुराने विद्यालय भवन को हटाकर उस स्थान पर बच्चों के लिए खेल मैदान विकसित करने के निर्देश भी दिए, जिससे विद्यार्थियों को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।





