Report: Farhan khan
Agra ताजनगरी के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र स्थित ‘स्मार्ट व्यू इन’ होटल में दबंगई और अवैध वसूली करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज कांड के मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जिसे कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जेल भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई से पुलिस ने फर्जी पहचान बताकर वसूली करने वाले गिरोहों को सख्त चेतावनी दी है।
Agra स्कॉर्पियो से आए थे ‘फर्जी मजिस्ट्रेट’, होटल में मचाया था तांडव
वारदात के दिन आरोपी एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी से होटल पहुँचे थे। उन्होंने होटल स्टाफ पर रौब झाड़ते हुए खुद को पत्रकार और मजिस्ट्रेट बताया। बिना किसी आधिकारिक अनुमति के वे होटल के कमरों में घुस गए और मेहमानों की आईडी व रजिस्टर की जांच करने लगे। स्टाफ के साथ गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने डरा-धमकाकर डेढ़ लाख रुपये की ‘चौथ’ (अवैध वसूली) की मांग की। पैसे न देने पर होटल बंद कराने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी।
Agra सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बना अहम सुराग
आरोपियों की यह पूरी करतूत होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे और वहां मौजूद लोगों के मोबाइल में कैद हो गई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आगरा पुलिस सक्रिय हुई। पीड़ित होटल संचालक द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। सटीक लोकेशन मिलने पर दबिश दी गई और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
Agra अन्य साथियों की तलाश जारी, पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उसके अन्य साथियों का पता लगाया जा सके। पुलिस की कई टीमें इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने साफ किया है कि सरकारी अधिकारी या प्रेस का फर्जी कार्ड दिखाकर जनता को प्रताड़ित करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।





