BY: Yoganand Shrivastava
मुंबई। बिग बॉस 19 का सफर अब अपने अंजाम तक पहुंच चुका है और इस सीजन की ट्रॉफी गौरव खन्ना ने अपने नाम कर ली है। उनके साथ फरहाना भट्ट और प्रणित मोरे टॉप 3 में शामिल रहे। अब फिनाले के बाद दर्शकों की नजरें रोहित शेट्टी के मशहूर स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ पर टिक गई हैं। इसी बीच चर्चा तेज हो गई है कि बिग बॉस 19 के दो चर्चित चेहरों को इस शो का न्योता मिल सकता है।
फरहाना भट्ट ने जताई दिलचस्पी
बिग बॉस के दौरान ही फरहाना भट्ट ने यह संकेत दिया था कि वह आगे चलकर ‘खतरों के खिलाड़ी’ जैसे स्टंट बेस्ड शो में हिस्सा लेना चाहेंगी। फिनाले के बाद एक इंटरव्यू में उन्होंने यह भी बताया कि मेकर्स की ओर से उन्हें शो को लेकर संपर्क किया गया है। फरहाना के इस बयान के बाद उनके फैंस अब उन्हें रोहित शेट्टी के शो में देखने को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
प्रणित मोरे का भी नाम चर्चा में
फरहाना के साथ-साथ प्रणित मोरे का नाम भी ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के संभावित कंटेस्टेंट्स में लिया जा रहा है। एक इंटरव्यू में प्रणित ने कहा कि उन्हें यह शो बेहद पसंद है और अगर मौका मिला तो वह जरूर हिस्सा बनना चाहेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि बिग बॉस का अनुभव उनके लिए मानसिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण था, इसलिए फिलहाल उसी तरह के फॉर्मेट वाले शो से दूरी बनाए रखना चाहेंगे। इसके बावजूद स्टंट बेस्ड शो में उनकी दिलचस्पी साफ नजर आ रही है।
बिग बॉस 19 का रहा जबरदस्त फिनाले
बिग बॉस 19 के टॉप 3 में गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट और प्रणित मोरे शामिल रहे। जहां गौरव ने विजेता का खिताब जीता, वहीं फरहाना फर्स्ट रनरअप और प्रणित सेकेंड रनरअप बने। पूरे सीजन में फरहाना और प्रणित की जोड़ी को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला। टास्क के दौरान उनकी एक्टिविटी और गेम प्लान की काफी तारीफ हुई, जिसका सीधा असर उनकी लोकप्रियता पर भी देखने को मिला।





