कोरबा: तेज बारिश से बह गई सड़क, लेपरा समेत कई गांवों का टूटा संपर्क

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Korba: Road washed away due to heavy rain, connectivity of many villages including Lepra lost

रिपोर्टर: उमेश डहरिया, कोरबा

कोरबा – जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। पोंडी उपरोड़ा से लेपरा गांव को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क तेज बारिश और बाढ़ के चलते तान नदी में बह गई, जिससे लेपरा सहित आधा दर्जन गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया है

ग्रामीणों की मेहनत भी नदी के उफान में बह गई

कुछ महीने पहले ही स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान कर तान नदी पर रपटा (अस्थायी पुलिया) का निर्माण किया था। लेकिन लगातार हो रही तेज बारिश और नदी के उफान के कारण यह रपटा बह गया, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है

बच्चों की पढ़ाई पर असर, मरीजों को भी हो रही परेशानी

इस मार्ग से न केवल ग्रामीणों का आना-जाना होता था, बल्कि स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से स्कूल जाते थे। अब स्कूल जाना मुश्किल हो गया है और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भी भारी दिक्कतें आ रही हैं।

प्रशासन नहीं पहुँचा मौके पर, ग्रामीणों में नाराजगी

हैरानी की बात यह है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। इस लापरवाही को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने और स्थायी पुल निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके।