रिपोर्टर: वैभव चौधरी
धमतरी शहर के बांसपारा वार्ड में एक मामूली कहासुनी जानलेवा हमले में बदल गई, जब एक युवक को पेट में चाकू मार दिया गया। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
किराना दुकान से लौटते वक्त हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, यश राज राव अपने दोस्त करण जाधव के साथ बीती रात किराना दुकान से सामान लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान आरोपी मयंक यादव उर्फ बब्बन ने मोटरसाइकिल से यश को टक्कर (कट) मार दी। यश ने जब आरोपी से कहा कि “गाड़ी ठीक से चलाओ,” तो मयंक ने गुस्से में आकर गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक पेट में चाकू घोंपकर मौके से फरार हो गया।
हालत गंभीर, रायपुर रेफर
घटना के बाद यश वहीं सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मयंक यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।





