Operation Monsoon :मानसून को लेकर वन विभाग ने कसी कमर
रिपोर्ट: दीपक अधिकारी
Operation Monsoon : प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले वन विभाग ने वन्यजीवों और जंगलों की सुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बरसात के मौसम में शिकारियों और वन्यजीव तस्करों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने ‘ऑपरेशन मानसून’ शुरू कर दिया है।तराई के जंगलों की संवेदनशीलता को देखते हुए हल्द्वानी वन प्रभाग ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। हल्द्वानी वन प्रभाग का बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश की सीमा से लेकर नेपाल बॉर्डर तक फैला हुआ है, ऐसे में सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है।

Operation Monsoon :मानसून में बढ़ जाती है शिकारियों की सक्रियता
हल्द्वानी वन प्रभाग के डीएफओ कुंदन कुमार ने बताया कि मानसून के दौरान जंगलों में अवैध शिकार और तस्करी की आशंका बढ़ जाती है।भारी बारिश के कारण जंगलों में कई रास्ते बंद हो जाते हैं। भूस्खलन, नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और जलभराव जैसी परिस्थितियों के कारण वनकर्मियों को गश्त करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।इसी का फायदा उठाकर शिकारी और तस्कर जंगलों में घुसपैठ की कोशिश करते हैं। बरसात के दौरान बढ़ी हुई झाड़ियां भी उनके छिपने का आसान माध्यम बन जाती हैं।
Operation Monsoon :दुर्गम इलाकों में ड्रोन और थर्मल कैमरों से निगरानी
वन विभाग ने शिकारियों पर नजर रखने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। जंगलों में पैदल गश्त बढ़ाने के साथ-साथ संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में ड्रोन और थर्मल कैमरों से निगरानी की जाएगी।इन तकनीकी उपकरणों की मदद से ऐसे क्षेत्रों पर भी नजर रखी जाएगी, जहां सामान्य परिस्थितियों में वनकर्मियों का पहुंचना मुश्किल होता है।
Operation Monsoon :बॉर्डर क्षेत्रों में बढ़ाई गई सुरक्षा
वन विभाग ने उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों में विशेष चौकसी बढ़ा दी है। अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर गश्त को तेज कर दिया गया है।गश्ती दलों को ड्रोन, कैमरा ट्रैप और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए नाव जैसे आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
Operation Monsoon :संदिग्ध गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
वन विभाग ने साफ किया है कि जंगलों में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।ऑपरेशन मानसून के तहत वन्यजीवों की सुरक्षा, अवैध शिकार पर रोक और जंगलों की निगरानी को प्राथमिकता दी जा रही है। विभाग का लक्ष्य मानसून के दौरान वन संपदा और वन्यजीवों को पूरी तरह सुरक्षित रखना है।
read more : Kedarnath Yatra Rescue Operation : घोड़े से गिरकर घायल यात्री को DDRF टीम ने पहुंचाया अस्पताल

