,

रायगढ़: रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया जिला शिक्षा कार्यालय का बड़ा बाबू

Raigarh: Senior clerk of district education office caught red handed taking bribe

BY- ISA AHMAD

ACB की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई हुई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ लिपिक (बड़ा बाबू) मो. फरीद फारूखी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मो. फरीद फारूखी पर शिक्षा विभाग में भृत्य के पद पर कार्यरत कर्मचारी उसुराम कैवर्त से वेतन आहरण के बदले 20 हजार रुपए की मांग करने का आरोप है। पीड़ित उसुराम खरसिया ब्लॉक के माध्यमिक शाला हालाहुली में कार्यरत हैं। उनका वेतन वर्ष 2014 से 2017 तक किसी कारण से रुका हुआ था। इस संबंध में उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिसमें कोर्ट ने उनके वेतन भुगतान का आदेश दिया था।

हालांकि, कोर्ट के आदेश के बावजूद विभाग की ओर से भुगतान नहीं किया जा रहा था। जब उसुराम ने अपने बकाया वेतन की प्रक्रिया शुरू करवाई, तो बड़ा बाबू मो. फरीद फारूखी ने इसके बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। पहले चरण में पीड़ित ने 5 हजार रुपए दे दिए, लेकिन काम न होने और शेष राशि की दोबारा मांग किए जाने पर उन्होंने ACB में शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत के आधार पर ACB की टीम ने सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जाल बिछाया और रिश्वत की दूसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपए लेते हुए मो. फरीद फारूखी को रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद ACB ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को जिला एवं सत्र न्यायालय रायगढ़ में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और ACB की सतर्कता एक बार फिर भ्रष्टाचारियों के लिए सबक बनकर सामने आई है।

रिपोर्टर: भूपेंद्र ठाकुर, रायगढ़

Bhopal: करुणाधाम आश्रम में 21 फीट ऊंची पंचमुखी महाकाली ‘बड़ी अम्मा’ का भव्य स्वागत

Bhopal: राजधानी भोपाल के करुणाधाम आश्रम, नेहरू नगर में मध्यप्रदेश की पहली…