शादी के लिए जमा गहने और नकदी ले उड़े चोर
रिपोर्ट: अभिषेक सिंह
भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में बीती रात अज्ञात चोरों ने दो शिक्षिकाओं के घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने ताले तोड़कर घर में रखे लाखों रुपए के आभूषण और ₹1 लाख नगद पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें शिक्षिका हैं और घटना के समय अपनी माता जी के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बालोद स्थित अपने पैतृक निवास गई हुई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और सारा सामान बिखरा पड़ा है।
तत्काल उन्होंने भानुप्रतापपुर थाने में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और डॉग स्क्वाड की मदद भी ली गई, लेकिन फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
बताया जा रहा है कि इनमें से एक बहन की जल्द ही शादी होने वाली थी, जिस कारण घर में काफी मात्रा में आभूषण और नकदी जमा किए गए थे। अनुमानित चोरी की राशि लगभग ₹40 लाख बताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अब तक कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी है। इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।




