आईईडी बम बरामद कर किया निष्क्रिय
बीजापुर (छत्तीसगढ़): नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बार फिर सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, बासागुड़ा थाना क्षेत्र के मुर्दोण्डा और तीमापुर गांव के बीच दुर्गा मंदिर के पास सीआरपीएफ की 168वीं बटालियन के जवानों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक शक्तिशाली आईईडी बरामद किया। यह विस्फोटक सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की नक्सलियों की योजना का हिस्सा था, जिसे जवानों की मुस्तैदी ने समय रहते विफल कर दिया।
आईईडी की जानकारी मिलते ही बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई और कई जिंदगियां बच गईं।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि अन्य किसी प्रकार के खतरे को भी समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।
यह घटना बीजापुर जिले में नक्सलियों की लगातार सक्रियता की पुष्टि करती है, लेकिन सुरक्षाबलों की सतर्कता के चलते एक बार फिर उनका मंसूबा नाकाम हो गया है। जिला प्रशासन और पुलिस ने जवानों की इस सफलता की सराहना की है।





