बीडीएस टीम ने किया सुरक्षित नष्ट
कुशल चोपड़ा, बीजापुर (छत्तीसगढ़)
बीजापुर जिले से एक बड़ी सुरक्षा सफलता की खबर सामने आई है। गोरना-मनकेली मार्ग पर माओवादियों द्वारा बिछाए गए 5 नग IED (विस्फोटक उपकरण) को सुरक्षा बलों ने समय रहते डिटेक्ट कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई बीडीएस (बम निरोधक दस्ते), थाना बीजापुर एवं CAF की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जो एरिया डॉमिनेशन एवं डीमाईनिंग ड्यूटी पर निकली थी। टीम जैसे ही मनकेली ग्राम से आगे बढ़ी, उन्हें कच्चे मार्ग पर संदिग्ध गतिविधि का आभास हुआ।
जांच के दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए खतरनाक विस्फोटक बरामद किए गए। इनमें 2-2 किग्रा के 3 नग बीयर बॉटल बम और 3-5 किग्रा के 2 नग टीफिन बम शामिल थे, जिन्हें लगभग 3 से 5 मीटर की दूरी पर सीरिज में लगाया गया था। सभी IED कमांड स्वीच से जुड़े हुए थे, जिससे ये किसी भी वक्त विस्फोट कर सकते थे।
बीडीएस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी IED को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह मामला बीजापुर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सुरक्षा बलों की इस मुस्तैदी से माओवादियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। इस कामयाबी को स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सराहा है और इसे सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी सफलता बताया है।





