2 बच्चे और 3 महिलाएं बहे, रेस्क्यू जारी
उमेश डहरिया, कोरबा।
कोरबा जिले से एक बड़ी और दुखद घटना सामने आई है। तेज रफ्तार से जा रही एक पिकअप वाहन रविवार को उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वारानी-जर्वे के पास नहर में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में 12 लोग सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में 2 बच्चे और 3 महिलाएं नहर के तेज बहाव में बह गए, जबकि 5 लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए नगर सेवा के गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया है, जो पुलिस के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटी है।
मुकुंदपुर जा रहे थे सभी यात्री
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी 12 यात्री सक्ती जिले के ग्राम रेडा से पिकअप वाहन में सवार होकर मुकुंदपुर जा रहे थे। रास्ते में मड़वारानी-जर्वे के पास वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा। बताया जा रहा है कि घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया है।
ग्रामीणों की भारी भीड़, राहत कार्य जारी
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए हैं। नहर के पास मौजूद लोग प्रशासन की मदद कर रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और लापता लोगों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन सतर्क
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और रेस्क्यू टीम को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढने और घायलों को इलाज मुहैया कराने की है।
अभी और जानकारी का इंतजार
फिलहाल प्रशासन ने लापता लोगों की पहचान उजागर नहीं की है। रेस्क्यू अभियान के बाद ही मृतकों और घायलों की पूरी जानकारी सामने आ पाएगी।
यह हादसा एक बार फिर से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
मध्य प्रदेश में डेयरी और सहकारिता: अमित शाह के दौरे से बदलाव की उम्मीद





