Report: Prem Shrivastva
Jharkhand News झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS), सालगड़ीह के दो मेधावी विद्यार्थियों को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया गया। केरला पब्लिक स्कूल्स ट्रस्ट द्वारा संचालित इस विद्यालय के छात्रों को 12 नवंबर 2026 को आयोजित जनजातीय गौरव पखवाड़ा-2026 के दौरान उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मान मिला। दोनों विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ पूरे झारखंड का मान बढ़ाया है।
सूरज मुंडा और आजाद कुशल बस्के ने हासिल की प्रदेश में पहली रैंक
Jharkhand News सम्मानित विद्यार्थियों में सूरज मुंडा शामिल हैं, जिन्होंने झारखंड में विज्ञान संकाय से कक्षा 12वीं की परीक्षा में टॉप किया है। वहीं, आजाद कुशल बस्के ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया। वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दोनों विद्यार्थियों को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति छात्र शिक्षा समिति (NESTS) की ओर से प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ तस्वीर खिंचवाने का मिला अवसर
Jharkhand News जनजातीय गौरव पखवाड़ा कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सूरज मुंडा और आजाद कुशल बस्के को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ सामूहिक तस्वीर खिंचवाने का अवसर भी मिला। NESTS की टीम के साथ राष्ट्रपति भवन का भ्रमण दोनों छात्रों के लिए यादगार अनुभव रहा।
केरला पब्लिक स्कूल्स ट्रस्ट ने दी बधाई
Jharkhand News दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर केरला पब्लिक स्कूल्स ट्रस्ट ने उन्हें और उनके परिवारों को बधाई दी है। ट्रस्ट ने विद्यालय के प्राचार्य अभिजीत शुक्ला, उप प्राचार्य मनीशंकर पॉल सहित शिक्षकों और कर्मचारियों की पूरी टीम के प्रयासों की भी सराहना की। ट्रस्ट का कहना है कि शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन से ही विद्यार्थी सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं।
सूरज मुंडा और आजाद कुशल बस्के की यह सफलता उनके परिवार और विद्यालय के साथ पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है कि निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।


