BY: Yoganand Shrivastva
Assam Road Accident असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर एक यात्री मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और बस में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं।
हाथीकुली टी एस्टेट के पास हुआ हादसा
Assam Road Accident पुलिस के अनुसार, दुर्घटना कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में हुई। एक यात्री मिनी बस की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वप्ननील डेका ने शुरुआती जानकारी के आधार पर हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और बस से शवों को बाहर निकालने का काम जारी है। फिलहाल बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
मंत्री अतुल बोरा ने घटनास्थल पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
Assam Road Accident हादसे की जानकारी मिलते ही असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे। वह राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह मान रही पुलिस
Assam Road Accident गोलाघाट एसएसपी स्वप्ननील डेका के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि मिनी बस तेज रफ्तार से चल रही थी। आशंका है कि राष्ट्रीय उद्यान के आसपास लागू गति सीमा का उल्लंघन करते हुए बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
सागर में भी ट्रक और SUV की टक्कर में चार लोगों की मौत
Assam Road Accident मध्य प्रदेश के सागर जिले में भी कुछ दिन पहले भीषण सड़क हादसा हुआ था। नेशनल हाईवे-44 पर देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास ट्रक और SUV की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। SUV सवार सभी लोग भैंसा गांव के निवासी थे और अमावस्या पर नर्मदा स्नान के लिए बर्मन जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए गाड़ी काटनी पड़ी थी।


