Report: Prem Shrivastva
Jharkhand News झारखंड आंदोलन के शहीद अजित महतो और धनंजय महतो के बलिदान दिवस पर बुधवार को भाजपा नेता हरेलाल महतो के नेतृत्व में विशाल बाइक रैली निकाली गई। तिरुलडीह गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। इस दौरान शहीद परिवारों को सरकारी नौकरी, उचित सम्मान और सरकारी सहायता देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
रैली की शुरुआत चांडिल के कुरली से हुई। इसके बाद बाइक रैली चौका मोड़, चोगा और आदारडीह होते हुए तिरुलडीह स्थित शहीद स्थल पहुंची। यहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद रैली कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय पहुंची और अंत में सिरुम शहीद चौक पर संपन्न हुई। कार्यक्रम में शहीद धनंजय महतो की पत्नी बारी देवी और उनके बेटे उपेन महतो भी मौजूद रहे।
44 साल बाद भी नौकरी का वादा पूरा नहीं होने का आरोप
Jharkhand News तिरुलडीह शहीद चौक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद अजित महतो एवं धनंजय महतो की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान ‘शहीद अजित-धनंजय महतो अमर रहें’ और ‘जय झारखंड’ जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा।
शहादत दिवस के अवसर पर हरेलाल महतो ने शहीद परिवारों को सरकारी नौकरी नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शहीदों के परिजनों को रोजगार देने के आश्वासन दिए गए, लेकिन 44 साल बीत जाने के बावजूद उन्हें इसका लाभ नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में अपना बलिदान देने वाले वीरों के परिवारों को सम्मान और सरकारी सहायता मिलनी चाहिए। शहीदों के योगदान को याद करने के साथ उनके परिजनों की समस्याओं का समाधान करना भी जरूरी है।
निजी खर्च से बनवाया शहीद परिवार का पक्का मकान
Jharkhand News हरेलाल महतो ने बताया कि उन्होंने अपने निजी खर्च से शहीद धनंजय महतो के परिवार के लिए पक्का मकान बनवाया है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवार की सहायता के लिए वह आगे भी हरसंभव प्रयास करते रहेंगे।
उन्होंने जोर देकर कहा कि शहीदों के परिजनों को केवल आश्वासन देने के बजाय उनके सम्मान, रोजगार और बेहतर जीवन के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। रैली के माध्यम से भी इसी मांग को प्रमुखता से सामने रखा गया।
भाजपा-एनडीए की सरकार बनने पर सम्मान दिलाने का संकल्प
Jharkhand News हरेलाल महतो ने कहा कि झारखंड में भविष्य में भाजपा-एनडीए की सरकार बनने पर शहीद अजित महतो और धनंजय महतो के परिवारों को उचित सम्मान दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही तिरुलडीह गोलीकांड में घायल हुए और जेल गए आंदोलनकारियों को भी सम्मानित करने की पहल करने की बात कही।
उन्होंने झारखंड आंदोलन के शहीदों के बलिदान को राज्य के इतिहास की महत्वपूर्ण विरासत बताया। शहादत दिवस पर निकाली गई बाइक रैली के जरिए एक बार फिर शहीद परिवारों के लिए सरकारी नौकरी, आर्थिक सहायता और सम्मान का मुद्दा चर्चा में आया।
Read this: Asian Para Games 2026 : प्रवीण कुमार का रिकॉर्ड गोल्ड, बंटी को सिल्वर; आयुष वर्मा ने भी जीता स्वर्ण


