By Vijay Yadav
MP IAS Transfer : भोपाल, मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं। रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को देर रात जारी इस आदेश के तहत तीन वरिष्ठ और युवा अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
OMP IAS Transfer : संस्कृति जैन और अंजू अरुण कुमार को मिली नई जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार, वर्ष 2015 बैच की आईएएस अधिकारी और अब तक भोपाल नगर निगम की आयुक्त तथा मेट्रो रेल कंपनी की अपर प्रबंध संचालक (अतिरिक्त प्रभार) का दायित्व संभाल रहीं श्रीमती संस्कृति जैन को अब मंत्रालय में उप सचिव, वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, वर्ष 2017 बैच की आईएएस अधिकारी श्रीमती अंजू अरूण कुमार, जो अब तक स्मार्ट सिटी भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी और नगर पालिक निगम की अपर आयुक्त (अतिरिक्त प्रभार) थीं, उन्हें उप सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग बनाया गया है।
MP IAS Transfer : रामप्रकाश अहिरवार होंगे भोपाल नगर निगम के नए कमिश्नर
नगर प्रशासन में फेरबदल के तहत वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी श्री रामप्रकाश अहिरवार को जबलपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त पद से स्थानांतरित कर भोपाल नगर पालिक निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक (अतिरिक्त प्रभार) का कार्यभार भी संभालेंगे।
MP IAS Transfer : अग्रिम कुमार को छिंदवाड़ा से जबलपुर की कमान
युवा आईएएस अधिकारियों में, वर्ष 2020 बैच के अधिकारी श्री अग्रिम कुमार, जो वर्तमान में जिला पंचायत छिंदवाड़ा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे, उन्हें पदस्थ करते हुए आयुक्त, नगर पालिक निगम, जबलपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
यह संपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल राज्यपाल के नाम से और आदेशानुसार मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। इन तबादलों को राज्य में प्रशासनिक कसावट और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जोड़कर देखा जा रहा है।


