BY: Yoganand Shrivastva
DU Job Fair दिल्ली विश्वविद्यालय में 7 अक्टूबर को AVASAR 2026 प्लेसमेंट एंड इंटर्नशिप फेयर का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के सेंट्रल प्लेसमेंट सेल और डीन ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर के सहयोग से आयोजित इस रोजगार मेले में 85 से अधिक कंपनियों, स्टार्टअप्स, कंसल्टेंसी फर्मों और गैर-सरकारी संगठनों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम नॉर्थ कैंपस स्थित मल्टीपर्पज हॉल, गेट नंबर-2 में आयोजित होगा।
DU Job Fair विश्वविद्यालय के अनुसार अब तक 4 हजार से अधिक छात्र इस प्लेसमेंट और इंटर्नशिप ड्राइव के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। प्रतिभागियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
स्नातक से पीएचडी और पूर्व छात्र भी ले सकेंगे भाग
DU Job Fair इस जॉब फेयर में दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी छात्र हिस्सा ले सकेंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को भी अवसर दिया गया है। स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) और नॉन-कॉलेजिएट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीडब्ल्यूईबी) के विद्यार्थी भी इस प्लेसमेंट मेले में भाग ले सकेंगे।
विश्वविद्यालय का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि के छात्रों को रोजगार और इंटर्नशिप के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
10 लाख रुपये से अधिक के पैकेज और इंटर्नशिप के अवसर
DU Job Fair AVASAR 2026 में छात्रों को फुल-टाइम नौकरी के साथ-साथ इंटर्नशिप के अवसर भी मिलेंगे। विश्वविद्यालय के मुताबिक कुछ कंपनियां 10 लाख रुपये सालाना से अधिक के पैकेज की पेशकश कर सकती हैं। वहीं चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक स्टाइपेंड वाली इंटर्नशिप का अवसर भी मिलेगा।
कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। प्रतिभागियों को अपने साथ अपडेटेड रिज्यूमे की प्रतियां, कॉलेज आईडी या अन्य वैध पहचान पत्र लाने होंगे। विश्वविद्यालय ने छात्रों को प्रोफेशनल ड्रेस में आने और भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने से पहले संबंधित कंपनियों की पात्रता, जॉब प्रोफाइल और चयन प्रक्रिया की जानकारी लेने की सलाह दी है।


