रिपोर्ट: टुनटुन कुमार
Motihari Robbery Gang मोतिहारी पुलिस ने अंतरजिला डकैत गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कथित शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से डकैती के करीब 15 लाख रुपये नकद, अवैध हथियार, चरस और डकैती की रकम से खरीदी गई आर15 बाइक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद जिले में हुई डकैती की पांच बड़ी वारदातों का खुलासा हुआ है।
कुख्यात मंसूरी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
Motihari Robbery Gang पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतामढ़ी जिले के सफीक मंसूरी उर्फ बंठा, मोहम्मद तनवीर शेख, शंभू पासवान उर्फ मोगल और रामनाथ ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि चारों कुख्यात मंसूरी डकैत गिरोह से जुड़े हैं।

Motihari Robbery Gang एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम बनाई गई थी। टीम में डीआईयू के साथ ढाका, कुंडवा चैनपुर, चिरैया और घोड़ासहन थानों की पुलिस शामिल थी। पुलिस टीम कई महीनों से गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही थी और उसके सदस्यों के बारे में सुराग जुटा रही थी।
नेपाल के अपराधियों के साथ मिलकर वारदात का आरोप
Motihari Robbery Gang पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने नेपाल के अपराधियों के साथ मिलकर डकैती की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि सर्विलांस और टावर लोकेशन से बचने के लिए गिरोह के सदस्य मोबाइल फोन और निजी वाहनों का इस्तेमाल नहीं करते थे।
आरोपियों के अनुसार, वे ट्रेन से संबंधित इलाके में पहुंचते थे। इसके बाद ई-रिक्शा या ऑटो से गांव के आसपास तक जाते और फिर सरेह के रास्ते पैदल घटनास्थल तक पहुंचकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने पहली वारदात 13 अप्रैल को की थी और इसके बाद लगातार पांच डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया गया।
डकैती की रकम से जमीन खरीदने की थी तैयारी
Motihari Robbery Gang पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सफीक मंसूरी का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी डकैती के मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस का दावा है कि डकैती से मिली रकम से जमीन खरीदने की तैयारी की जा रही थी। इसके लिए करीब 15 लाख रुपये का इकरारनामा भी किए जाने की बात सामने आई है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस टीम की कार्रवाई से पांच डकैती कांडों का सफलतापूर्वक उद्भेदन हुआ है। उन्होंने कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए 30 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।


