संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Morena Accident मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र के बरेथा गांव स्थित क्वारी नदी घाट पर रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गए चार युवक अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूबने लगे। हादसे में तीन युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक युवक लापता हो गया। लापता युवक की पहचान सत्यम परमार पुत्र अरविंद परमार, निवासी बरेथा के रूप में हुई है।
चरवाहे की बहादुरी से बचीं तीन जिंदगियां
Morena Accident जानकारी के अनुसार सत्यम परमार अपने साथियों भोला परमार, आदित्य परमार और सत्यम बरेठा के साथ नदी में नहाने गया था। चारों युवक पानी में उतरे ही थे कि अचानक गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर पास में बकरियां चरा रहे अमन नामक युवक ने साहस दिखाया और तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़ा। अमन ने अपना साफा नदी में फेंककर तीन युवकों को बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।

18 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, SDRF का रेस्क्यू जारी
Morena Accident हादसे के दौरान सत्यम परमार का हाथ साफे से छूट गया और वह तेज बहाव के साथ गहरे पानी में बह गया। सूचना मिलने पर दिमनी थाना प्रभारी जितेंद्र दोहरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन घटना के 18 घंटे बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम युवक की खोज में जुटी हुई है।




