संवाददाता: रतन कुमार
Thandaradih Tension Jamtara जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थंडारडीह (नावाडीह) गांव में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी को लेकर शनिवार देर शाम तनाव की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में लोग गांव में जमा हो गए। हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दुमका और चितरा से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया।
फेसबुक पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद
Thandaradih Tension Jamtara बताया जा रहा है कि कुरुवा हटिया में भगवान को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अफरोज आलम की गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की गई थी। इसी पोस्ट पर थंडारडीह निवासी भूदेव यादव के फेसबुक अकाउंट से इस्लाम धर्म की आस्था से जुड़े विषय पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।

Thandaradih Tension Jamtara इसके बाद बड़ी संख्या में लोग थंडारडीह पहुंच गए और युवक के घर को घेर लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई और सामान को नुकसान पहुंचाया गया। मंदिर को क्षति पहुंचाने और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ किए जाने की सूचनाएं भी सामने आई हैं। हालांकि, इन घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस, अतिरिक्त बल बुलाया गया
Thandaradih Tension Jamtara स्थिति की जानकारी मिलते ही करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान और एसडीपीओ वसीम रजा भी घटनास्थल पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ अनंत कुमार और अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम भी मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ वसीम रजा के मुताबिक, श्रावणी मेला के कारण बड़ी संख्या में पुलिस बल देवघर में तैनात है, इसलिए दुमका और चितरा से अतिरिक्त बल बुलाया गया।
दोनों पक्षों से बातचीत के बाद फ्लैग मार्च
Thandaradih Tension Jamtara रविवार को करमाटांड़ थाना परिसर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों के प्रबुद्ध लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। काफी प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
फिलहाल थंडारडीह, नावाडीह और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात है। प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की अपील की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




