संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Morena Double Murder जिले के सुमावली थाना क्षेत्र के हटूंपुरा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। कांटों की बाड़ लगाने को लेकर शुरू हुए विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
Morena Double Murder सरकारी जमीन को लेकर आमने-सामने आए परिवार के दो पक्ष
जानकारी के अनुसार, हटूंपुरा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को कांटों की बाड़ लगाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं।फायरिंग में 42 वर्षीय राजवीर गुर्जर और 30 वर्षीय अजब सिंह उर्फ बंटू को गोली लग गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
Morena Double Murder दो लोग गंभीर रूप से घायल
घटना में विकास गुर्जर और पप्पू उर्फ धीरेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
Morena Double Murder परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतकों के परिजनों ने नत्थो उर्फ नाथूराम, छोटे सिंह, सचिन, राहुल, बसुमित, सत्यपाल, लवकुश और गोलू सहित छह अज्ञात लोगों पर फायरिंग कर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने और परिवार की सुरक्षा के लिए नए शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग भी की है।
Morena Double Murder पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
एसडीओपी बानमोर अनिल कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर एक ही परिवार के लोगों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद फायरिंग की घटना सामने आई। इस घटना में दो सगे भाइयों की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Morena Double Murder गांव में तनाव, पुलिस तैनात
दोहरी हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद हटूंपुरा गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। अब सभी की नजरें पुलिस की आगामी कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।



