Isa Ahmad
Disha Committee Meeting: दिशा समिति की बैठक में 90 विकास कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध तरीके से योजनाएं पूरी करने के निर्देश
Disha Committee Meeting: अंबाला लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष वरुण चौधरी की अध्यक्षता में पंचकूला में दिशा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में चल रहे करीब 90 विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति पर फीडबैक लिया गया।
Disha Committee Meeting: सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए और योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए जिला की आधिकारिक वेबसाइट Panchkula.nic.in पर नियमित रूप से अपडेट की जाए। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित कैटलॉग और प्रचार सामग्री जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
Disha Committee Meeting: स्वास्थ्य, जनऔषधि, पेयजल और किसानों से जुड़े मुद्दों पर दिए अहम निर्देश
बैठक के दौरान सांसद वरुण चौधरी ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने मोरनी क्षेत्र की डिस्पेंसरी में 10 दिनों के भीतर नया जनरेटर (जेनसेट) स्थापित करने और वहां की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए तीन एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
Disha Committee Meeting: उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की संख्या बढ़ाने, सिविल अस्पताल सेक्टर-6 में जन औषधि केंद्र को मुख्य द्वार के पास स्थानांतरित करने तथा उसके संचालन समय को शाम तक बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सस्ती दवाइयों का लाभ मिल सके।
बैठक में पेयजल आपूर्ति, स्वच्छ भारत मिशन, कॉमन सर्विस सेंटरों पर निर्धारित शुल्क सूची प्रदर्शित करने, अवैध वसूली करने वाले साइबर कैफे पर कार्रवाई, स्कूलों के निर्माण, खनन क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ियों की मरम्मत, सिंचाई परियोजनाओं, जैविक खेती, डीएपी उर्वरक की उपलब्धता, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के प्रचार-प्रसार जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
Disha Committee Meeting: सांसद ने एमपी लैड (MPLADS) के तहत लंबित कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उनकी जांच और शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही पंचकूला रेलवे स्टेशन के लिए हरियाणा रोडवेज की बस सेवाएं बढ़ाने और सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार करने पर भी जोर दिया।
बैठक में पंचकूला के महापौर, विधायक, उपायुक्त, एडीसी, नगर निगम आयुक्त, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और दिशा समिति के सदस्य मौजूद रहे।





