Isa Ahmad
Drug Free India Campaign: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला प्रशासन ने निकाली जागरूकता रैली
Drug Free India Campaign: सीकर में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली जिला कलेक्ट्रेट से शुरू होकर बजरंग कांटा तक निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी और स्वस्थ समाज निर्माण का आह्वान किया।
Drug Free India Campaign: विद्यार्थियों और दिव्यांग बच्चों ने दिया समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश
रैली का मुख्य आकर्षण ट्राईसाइकिल पर सवार बच्चों की सहभागिता रही। इन बच्चों ने भी नशामुक्ति का संदेश देकर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की उप निदेशक प्रियंका पारीक ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे की लत से दूर रखना तथा उन्हें सकारात्मक और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
Drug Free India Campaign: रैली के दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी लिया। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





