रिपोर्ट: संजीव कुमार शर्मा
Vikramshila Setu Bailey Bridge Inauguration बिहार के भागलपुर और आसपास के जिलों के लाखों आवाम के लिए रविवार का दिन एक बड़ी सौगात लेकर आया। पिछले एक महीने से बंद पड़े विक्रमशिला सेतु पर वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में तैयार किए गए ‘बेली ब्रिज’ (Bailey Bridge) का रविवार (7 जून 2026) को औपचारिक उद्घाटन कर दिया गया। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने पूरी विधि-विधान के साथ फीता काटकर और नारियल फोड़कर इस पुल को आम जनता को समर्पित किया। इस पुल के चालू होते ही सेतु पर छोटे वाहनों का आवागमन फिर से बहाल हो गया है, जिससे क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बनी जाम और आवाजाही की गंभीर समस्या का अंत हो गया है।
Vikramshila Setu Bailey Bridge Inauguration मुख्यमंत्री के निर्देश पर तय समय से पहले पूरा हुआ काम
उद्घाटन समारोह के दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, भागलपुर के जिलाधिकारी (DM) डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

गौरतलब है कि 3 मई की रात को विक्रमशिला सेतु पर अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण यातायात को पूरी तरह बंद करना पड़ा था। इसके बाद सूबे के मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश पर सीमा सड़क संगठन (BRO) की मदद से यहां युद्धस्तर पर बेली ब्रिज बनाने का काम शुरू हुआ। प्रशासन ने आम जनता से वादा किया था कि 7 जून से पहले हर हाल में इस पुल को चालू कर दिया जाएगा, जिसे अधिकारियों और इंजीनियरों की टीम ने समय सीमा के भीतर बखूबी पूरा करके दिखाया।
Vikramshila Setu Bailey Bridge Inauguration ठंडे प्रदेशों से आकर BRO की टीम ने झुलसाने वाली गर्मी में किया काम
पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि बीआरओ (BRO) की टीम ने जिला प्रशासन के साथ बेहतरीन समन्वय बनाकर काम किया। उन्होंने कहा, “बीआरओ के लोग अमूमन देश के बेहद ठंडे और पहाड़ी प्रदेशों में काम करने के आदी हैं, लेकिन उन्होंने भागलपुर की इस भीषण और झुलसाने वाली गर्मी में भी दिन-रात एक करके मात्र 16 से 20 दिनों के सीमित समय के भीतर इस बेली ब्रिज को तैयार कर जनता को सुपुर्द कर दिया। इसके लिए पूरी टीम और सभी श्रमिक भाई बधाई के पात्र हैं।”
Vikramshila Setu Bailey Bridge Inauguration क्रेन और रोलर टेस्ट में पास हुआ बेली ब्रिज, वन-वे रहेगा ट्रैफिक
भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस पुल की मजबूती की पूरी जांच की जा चुकी है। उद्घाटन से पहले इस पर भारी-भरकम क्रेन और बड़े रोलर चलाकर ‘लोड टेस्ट’ किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। सैकड़ों गाड़ियां एक साथ गुजरने पर भी यह पूरी तरह सुरक्षित है।

हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से डीएम ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में इस पुल पर यातायात पूरी तरह ‘वन-वे’ (One-Way) रहेगा। इसके तहत एक तरफ के वाहनों को पार कराने के लिए दूसरी तरफ के वाहनों को अधिकतम 10 मिनट तक का इंतजार करना पड़ सकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे बेहतर सेवा और सुरक्षा के लिए सड़क पर धैर्य और संयम का परिचय दें। पुल की सुरक्षा के लिए डेली मेंटेनेंस (नियमित रखरखाव) की व्यवस्था भी की गई है।
Vikramshila Setu Bailey Bridge Inauguration निर्माण में योगदान देने वाले कर्मवीर अंगवस्त्र देकर सम्मानित
इस ऐतिहासिक और रिकॉर्ड समय में पूरे हुए काम के उपलक्ष्य में समारोह के दौरान विपरीत परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और तकनीकी टीम को सम्मानित किया गया। माननीय मंत्री ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित बीआरओ के अधीक्षण अभियंता विपिन कुमार चंद, उनकी पूरी टेक्निकल टीम, जिलाधिकारी, एसएसपी और सदर अनुमंडल पदाधिकारी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।





