PBKS vs LSG: आईपीएल 2026 का 68वां मुकाबला आज लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि टीम को प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए हर हाल में बड़ी जीत दर्ज करनी होगी।
PBKS vs LSG: लगातार हार से दबाव में पंजाब किंग्स
सीजन की शुरुआत शानदार करने वाली पंजाब किंग्स की टीम पिछले कुछ मुकाबलों में लय खोती नजर आई है। टीम लगातार छह मैच हार चुकी है, जिससे उसके प्लेऑफ में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है।
बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर को छोड़ दें तो बाकी बल्लेबाज लगातार संघर्ष करते दिखाई दिए हैं। पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पंजाब का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ था।
PBKS vs LSG: गेंदबाजी भी पंजाब के लिए चिंता का विषय
पंजाब किंग्स की गेंदबाजी इस समय टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर सामने आई है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपनी लय में नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन पिछले मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए थे।
टीम को अगर प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना है तो बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों को भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
PBKS vs LSG: लखनऊ सुपर जायंट्स बिगाड़ सकती है पंजाब का खेल
दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम इस मुकाबले में पंजाब का समीकरण बिगाड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
एलएसजी के बल्लेबाज पिछले दो मुकाबलों में शानदार फॉर्म में दिखाई दिए हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिचेल मार्श ने 57 गेंदों में 96 रन की दमदार पारी खेली थी। वहीं जोश इंग्लिस ने 29 गेंदों में 60 रन बनाए थे। निकोलस पूरन भी लगातार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।
PBKS vs LSG: गेंदबाजी में लखनऊ को सुधार की जरूरत
हालांकि बल्लेबाजी मजबूत दिखने के बावजूद लखनऊ की गेंदबाजी टीम के लिए चिंता बनी हुई है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एलएसजी के गेंदबाज 221 रन का लक्ष्य भी बचाने में सफल नहीं हो सके थे।
आकाश महाराज सिंह ने तीन ओवर में 54 रन खर्च किए थे, जबकि मयंक यादव ने चार ओवर में 50 रन दिए। प्रिंस यादव भी महंगे साबित हुए थे। ऐसे में पंजाब के खिलाफ टीम को गेंदबाजी में सुधार करना होगा।
PBKS vs LSG: इकाना स्टेडियम की पिच से स्पिनरों को मदद
लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच को आमतौर पर गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। यहां स्पिन गेंदबाजों को खास मदद मिलती है और बल्लेबाजों के लिए बड़े शॉट खेलना आसान नहीं रहता।
गेंद बल्ले पर थोड़ा रुककर आती है, जिसके कारण बल्लेबाजों को रन बनाने में संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में इस मुकाबले में स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं।
PBKS vs LSG: हेड टू हेड रिकॉर्ड में पंजाब आगे
लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच अब तक कुल सात मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से चार मैच पंजाब किंग्स ने जीते हैं, जबकि तीन मुकाबलों में लखनऊ सुपर जायंट्स को जीत मिली है।
PBKS vs LSG: मौसम रहेगा गर्म, बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग और एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार मुकाबले के दौरान लखनऊ में तेज गर्मी रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है।
READ ALSO: विराट कोहली ने ट्रैविस हेड से नहीं मिलाया हाथ, IPL 2026 मैच के बाद वायरल हुआ वीडियो





