बड़वाह: क्षेत्र में बलवाड़ा नर्मदा गंभीर परियोजना की पाइप लाइन में लगे एयर वाल से अचानक पानी का तेज रिसाव शुरू हो गया। लीकेज इतना तेज था कि पानी करीब 80 फीट ऊंचाई तक फव्वारे की तरह आसमान में उछलते हुए दिखाई दिया। इस वजह से लाखों लीटर पानी जंगल में बह गया और इलाके में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला।
सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी और रिपेयर टीम मौके पर पहुंची। मोटर बंद कर पानी का बहाव रोकने की प्रक्रिया शुरू की गई। इंजीनियर आशीष शिवहरे ने बताया कि यह स्थान अनकमान्ड एरिया में आता है, इसलिए आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने एयर वाल के साथ छेड़छाड़ की होगी, जिसके कारण पाइप लाइन में लीकेज हुआ।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पानी के इस रिसाव से आसपास के नालों में पानी भर गया है, जिससे जंगल में रहने वाले जंगली जानवरों को पीने का पानी मिल सकेगा। विभाग अब पाइप लाइन की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में जुट गया है।





